शिवपुरी में पिछले चार दिनों से जारी भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार शाम नवाब साहब रोड पर एक मकान का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां खड़ी तीन मोटरसाइकिलें मलबे में दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे में लाखों का नुकसान
मकान का छज्जा और बाथरूम समेत पिछला हिस्सा ढहने से मालिक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाया गया, लेकिन मकान मालिक सुनील रजक ने अब प्रशासन से स्थिति का जायजा लेने और नियमानुसार उचित मुआवजे की गुहार लगाई है। लगातार बारिश से कमजोर हुई संरचनाओं के कारण क्षेत्र में अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।