सागर में जहरीली शराब की घटनाओं के बाद मध्य प्रदेश पुलिस पूरे प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में जबलपुर के चरगवां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 लीटर कच्ची शराब के साथ दो युवकों को दबोच लिया है।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीएम राइज स्कूल के पास घेराबंदी की, जहाँ दोनों आरोपी बाइक पर शराब ले जाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने मौके से 15-15 लीटर की चार कैन में भरी 60 लीटर कच्ची शराब और परिवहन में इस्तेमाल हो रही बाइक जब्त कर ली है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विजय ठाकुर और सुनील ठाकुर के रूप में हुई है, जो ग्राम रमपुरी के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब उनसे शराब के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है।